
बुधवार, दिसंबर 1, 2010,1 में ऐक्टर सलमान ख़ान बॉलीवुड टीम 'मुम्बई हीरोज़' के साथ जुड़ गए हैं.
ऐक्टर सलमान ख़ान, जिनकी हर फ़िल्म का उनके फ़ैन्स बेसब्री से इंतज़ार करते हैं, मानते हैं कि वो बहुत बढ़िया क्रिकेट खेलते हैं.सलमान कितना बढ़िया क्रिकेट खेलते हैं इसका नमूना जल्द ही लोगों के सामने आ जाएगा.
ये होगा ‘सेलेब्रिटी क्रिकेट लीग’ यानि सीसीएल में जिससे सलमान ख़ान जुड़ गए हैं. सलमान न सिर्फ़ इसमें क्रिकेट खेलते नज़र आएंगे बल्कि सुनने में आ रहा है कि वो इसमें एक टीम भी खरीदने वाले हैं.
हाल ही में सीसीएल की घोषणा करने के लिए की गई प्रैस कॉन्फ़्रैंस में सलमान से जब सीसीएल से जुड़ने की वजह पूछी गई, तो उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज़ में कहा, “मैं इस लीग से इसलिए जुड़ रहा हूं क्योंकि मैं बहुत बढ़िया क्रिकेट खेलता हूं. मैं ऐक्टर से ज़्यादा बेहतर क्रिकेटर हूं.”
इंडियन प्रीमियर लीग, आई पी एल, की ही तर्ज़ पर बनी सीसीएल में भी क्रिकेट टीमें होंगी लेकिन इनके खिलाड़ी क्रिकेटर नहीं बल्कि फ़िल्मी सितारे होंगे. इस लीग में बॉलीवुड के अलावा दक्षिण भारत की तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फ़िल्म इंडस्ट्री की भी एक-एक टीम होगी.
सेलेब्रिटी क्रिकेट लीग और सलमान ख़ान द्वारा टीम खरीदने की आधिकारिक घोषणा अगले हफ़्ते होगी. लेकिन बॉलीवुड की टीम का नाम और खिलाड़ियों का फ़ैसला हो चुका है.
बॉलीवुड टीम का नाम ‘मुम्बई हीरोज़’ है और इसका हिस्सा होंगे सुनील शेट्टी, सोहेल ख़ान, अरबाज़ ख़ान, सोनू सूद, आशीष चौधरी, रितेश देशमुख, कुणाल खेमू और आफ़ताब शिवदसानी जैसे बॉलीवुड के कई सितारे. भले ही सेलेब्रिटी क्रिकेट लीग में फ़िल्मी सितारे क्रिकेट खेलेंगे लेकिन वो इसे हल्के में नहीं ले रहे.
मुम्बई हीरोज़ के कप्तान सुनील शेट्टी कहते हैं, “हम प्रैक्टिस ज़रूर करेंगे नहीं तो जीतेंगे कैसे. हमारे पास पंद्रह से बीस खिलाड़ियों का पूल है जिसमें से हम टीम चुनेंगे. हमारे पास बढ़िया खिलाड़ी हैं जो काफ़ी क्रिकेट खेलते हैं. हम इस बारे में बहुत गंभीर हैं. हम प्रैक्टिस मैचस भी खेलेंगे.”
ये पूछे जाने पर कि अगर दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत बैटिंग करने आएंगे तो बतौर कप्तान उनकी क्या स्ट्रैटेजी होगी, सुनील ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा, “हमारे पास चुलबुल पांडे (सलमान ख़ान) हैं जो रजनी सर को बॉलिंग करेंगे.”
No comments:
Post a Comment