मुंबई। आमिर खान ने स्वीकार किया है कि उनकी होम प्रोडक्शन फिल्म पीपली लाइव के गीत महंगाई डायन खात जात है के गायकों को कम मेहनताना दिया गया। गायकों को छह लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया है।
मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के बड़वाई गांव के माध्यमिक पाठशाला के शिक्षक गयाप्रसाद प्रजापति ने पिछले हफ्ते इस गाने के लिए बहुत कम भुगतान किए जाने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने अपनी मंडली के साथ इस चर्चित गाने को गाया है। उन्होंने बताया, फिल्म के निर्माण विभाग के साथ छह लाख रुपये में हमारा समझौता हो गया है। हालांकि हमने 11 लाख रुपये की मांग की थी। लेकिन हमें जो भी मिला हम उससे खुश हैं। यह राशि मंडली के 11 गायकों में बांट दी जाएगी। उन्होंने कहा, शुरू में हमें इस गीत के लिए केवल 1100 रुपये मिले थे। लेकिन अब हमें आमिर से कोई शिकायत नहीं है।
उधर आमिर ने कहा, मैं इसके लिए फिल्म के निर्माण विभाग को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकता। यह मेरी गलती है। मैं कई दूसरी चीजों में उलझ गया और मेरे दिमाग से यह बात निकल गई। लेकिन मीडिया के वहां पहुंचने से पहले मैंने विवाद को सुलझा लिया है। यह गाना तब चर्चा में आया जब विपक्षी दल भाजपा ने महंगाई के मसले पर सरकार को घेरने के लिए इसके इस्तेमाल की इजाजत आमिर से मांगी, लेकिन आमिर के प्रोडक्शन हाउस ने इंकार कर दिया।
यह गीत आजकल स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर को भी खूब भा रहा है। इसके लिए उन्होंने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर आमिर को बधाई दी है।
सपना हुआ पूरा
आमिर ने फिल्म पीपली लाइव के म्यूजिक लांच पर ड्रम बजाने का अपना सपना पूरा कर लिया। आमिर ने बताया, मेरा बचपन का सपना था कि मैं भी लंबे बालों वाले रॉकस्टारों के साथ कोई वाद्ययंत्र बजाऊं और इंडियन ओशियन बैंड ने मुझे यह मौका दिया। नवोदित निर्देशिका अनुषा रिजवी की यह फिल्म 13 अगस्त को रिलीज होगी।
No comments:
Post a Comment